हम मर जाएंगे, मारेंगे नहीं: अरविन्द
06 Mar 2014
नई दिल्ली: ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने आज गुरुवार को पार्टी सदस्यों से हिंसा न करने का आग्रह किया। केजरीवाल इन दिनों चार दिवसीय गुजरात दौरे पर है। गुजरात में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए अरविन्द ने कहा कि, हमें इस तरह की घटनाओं के लिए तैयार रहना चाहिए, लेकिन मैं अपने कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं, जैसा मैंने कल (बुधवार) भी कहा था कि हिंसा न करें। साथ ही केजरीवाल ने कहा कि, वह पार्टी कार्यकर्ताओं के बुधवार को किए गए व्यवहार के लिए क्षमा मांगते हैं।
मीडियाकर्मियों के माध्यम से केजरीवाल ने अपने समर्थकों को सन्देश देते हुए कहा कि, हम सच्चाई के रास्ते पर चल रहे हैं और यह रास्ता कठिन है। हमें बलिदान के लिए पहले से तैयार रहना होगा। किसी भी स्थिति में हमें हिंसा नहीं करनी है, ना ही हाथ उठाना है। हिंसा करने से आन्दोलन ख़त्म हो जायेगा। अरविन्द ने कहा कि, जो मुझपर हमले कर रहे हैं वह भी हमारे ही भाई है। हमारी लड़ाई किसी से नहीं है हमारी लड़ाई सिर्फ भ्रष्टाचार से है। केजरीवाल ने बुधवार को ट्विटर पर लिखा कि मैं अपने कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि हिंसा न करें, हाथ न उठाएं और शांति बनाए रखें। उन्होंने कहा कि आपको अपने जीवन का बलिदान देने के लिए तैयार रहना चाहिए, लेकिन कभी भी हाथ मत उठाइए।
केजरीवाल और ‘आप’ के सदस्य भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के गुजरात विकास के दावे का निरीक्षण करने के लिए गुजरात दौरे पर गए हैं। जहां उन्हें कथित रूप से कल केजरीवाल को पुलिस ने हिरासत में लिया था। हालांकि, पुलिस का कहना था कि, ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रूप से चलाने के लिए और कोई दिक्कत न हो इसलिए केजरीवाल को थाने ले जाया गया था। जिसके बाद केजरीवाल समर्थक गुजरात में उनको गिरफ्तार किए जाने के विरोध में दिल्ली में भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे।
06 Mar 2014