नहीं लड़ूंगा लोकसभा चुनाव: केजरीवाल
नई दिल्ली: भले ही आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल को दिल्ली के मुख्यमंत्री के बाद अब देश का प्रधानमंत्री बनते देखना चाहते हों लेकिन, खुद सीएम केजरीवाल ने इस बात से इनकार किया है| अरविंद केजरीवाल ने आप के नेताओं की ओर से हो रही बयानबाजी पर विराम लगाते हुए कहा है कि, वो लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे| हालांकि, केजरीवाल ने कहा उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव जरूर लड़ेगी जिसके लिए वो, पूरे देश में प्रचार करेंगे| साथ ही उन्होंने कहा कि, राहुल गांधी या नरेन्द्र मोदी बड़ा मुद्दा नहीं हैं| देश की जनता महंगाई और भ्रष्टाचार से परेशान है और उनकी पार्टी बढ़ती महंगाई और भ्रष्टाचार के सख्त खिलाफ है| आज आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का दूसरा दिन है|
आम आदमी पार्टी लोकसभा चुनाव 2014 के मद्देनजर अपनी रणनीति बनाने में जुटी हुई है| इस दौरान सीएम केजरीवाल ने ये भी कहा कि, वो भ्रष्टाचार के मुद्दे पर किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेंगे और किसी भी भ्रष्टाचारी को बख्शा नहीं जाएगा| केजरीवाल के बयान के बाद आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने केजरीवाल के लोकसभा चुनाव ना लड़ने के फैसले को उनकी व्यक्तिगत राय बताई है|