अमेरिका: भारतीय मूल का छात्र रहस्यमय तरीके से लापता
06 Mar 2014
वाशिंगटन: भारतीय मूल का एक 21 वर्षीय यूनिवर्सिटी छात्र रहस्यमय तरीके से लापता हो गया है। बताया जा रहा है कि, वह फ्लोरिडा में अपने दोस्तों के साथ छुटि्टयां मनाने गया था। इसके अतिरिक्त न्यूयार्क में भारतीय मूल के एक अमेरिकी छात्र की खोज जारी है। लापता छात्र मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है और वह राइस यूनिवर्सिटी में मार्टेल कालेज का सदस्य रेनी जोस फ्लोरिडा में पनामा सिटी बीच पर छुटि्टयों में अपने दोस्तों के साथ गया था। फ्लोरिडा में बे काउंटी शेरिफ आफिस जोस की तलाश में जुटा है। जोस को सोमवार की शाम को अंतिम बार देखा गया था।
जोस के दोस्तों के मुताबिक, वह शाम के समय सैर के लिए निकला था, लेकिन उसके बाद नहीं लौटा। स्थानीय मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, वह अपने दोस्तों के साथ शनिवार को पनामा सिटी बीच पहुंचा था। इस बीच, न्यूयार्क से 22 वर्षीय नर्सिंग छात्रा जैसमीन जोसेफ लापता हो गई जिसकी तलाश जारी है। उसे 24 फरवरी को न्यूयार्क के सयोसेट क्षेत्र स्थित अपने घर से अपनी कार में न्यूयार्क इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी के कैंपस के लिए रवाना होते वक्त देखा गया था।
जोसेफ ने शाम को अपने माता-पिता को फोन करके कहा था कि वह कालेज के पुस्तकालय में है और इसके बाद से उसे देखा या सुना नहीं गया। बीते कुछ हफ्तों में भारतीय मूल के अमेरिकी छात्रों के रहस्यमयी तरीके से लापता होने के तीन मामले प्रकाश में आए हैं जिसमें उनके माता पिता मूलत: केरल के रहने वाले हैं। इसके अलावा, साउदर्न इलिनोइस यूनिवर्सिटी का छात्र प्रवीण वर्गीज छह दिनों तक लापता रहने के बाद कारबोंदाले में मृत पाया गया था।
06 Mar 2014