10-15 दिनों में आएगी लोकसभा प्रत्याशियों की लिस्ट: संजय
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी 10 से 15 दिनों में लोकसभा प्रत्याशियों का एलान कर सकती है| दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित हुई आम आदमी पार्टी की बैठक के बाद ये बात सामने आई है| आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने मीडिया से मुखातिब होकर ये बात कही है| दिल्ली में सरकार और फिर स्पीकर का टेस्ट पास करने के बाद अब आम आदमी पार्टी की नजर लोकसभा चुनाव पर है|
आज आप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित हुई| इस बैठक में लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई, और ये भी बात सामने आई कि, 10 से 15 दिनों के अंदर पार्टी अपने लोकसभा प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर देगी| इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की नजर हरियाणा और उत्तराखंड जैसे छोटे राज्यों पर होगी| हाल ही में पार्टी के नेता योगेंद्र यादव ने हरियाणा का दौरा किया था| छोटे राज्यों के अलावा आम आदमी पार्टी अहम लोकसभा सीटों पर भी उम्मीदवार उतार सकती है| पहले ही राहुल के चुनाव क्षेत्र अमेठी से कुमार विश्वास चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं|