राज्यों की इकाई का होगा पुनर्गठन: केजरीवाल
08 Jun 2014
नई दिल्ली: पार्टी को बिखरने से बचाने और रूठों को मनाने के लिए अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में तीन दिन तक चली आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार को खत्म हो गई| इस बैठक में कई अहम फैसले लिए गए और सबसे अहम फैसला ये रहा कि, अब आप की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा| 'आप' की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 10 नए सदस्य और शामिल किए गए हैं| साथ ही सभी राज्य इकाइयों का पुनर्गठन भी होगा| इसके साथ ही अरविंद केजरीवाल को सभी फैसले लेने का अधिकार सौंपा गया है|
अब दिल्ली की राजनीति पर सभी फैसले केजरीवाल ही लेंगे| 'आप' के संसदीय दल के नेता धर्मवीर गांधी होंगे| इसके साथ ही हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव लड़ने पर फैसला लिया जाएगा| ये फैसला राज्य इकाइयों की रिपोर्ट आने के बाद ही होगा| साथ ही हरियाणा और दिल्ली में संगठन का पुनर्गठन किया जाएगा| बैठक के बाद पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रेंस कॉन्फ्रेंस में बताया कि, चुनाव में पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन किया| लोगों को आप की विचारधारा पसंद आई| इसके साथ ही जल्द ही पार्टी देश भर में मिशन विस्तार की शुरुआत करेगी| केजरीवाल ने कहा कि, राष्ट्रीय कार्यकारिणी का भी पुनर्गठन किया जाएगा। इसमें समाज के विभिन्न तबके के लोगों को शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि, राष्ट्रीय कार्यकारिणी पीएसी का गठन करेगी। इस योजना का खाका तैयार तैयार करने के लिए पृथ्वी रेड्डी की अध्यक्षता में कमिटी बनाई गई है। इसके अन्य सदस्य अंजलि दमानिया, प्रफेसर आनंद कुमार, प्रवीण अमानउल्लाह, आशुतोष, संजय सिंह, पंकज गुप्ता आदि शामिल हैं। इसके साथ ही नई कार्यकारिणी के गठन तक राष्ट्रीय कार्यकारिणी में नए सदस्यों को विशेष तौर पर शामिल किया गया है। इनमें आलोक अग्रवाल, अनिल त्रिवेदी, आशीष खेतान, आशुतोष, धर्मवीर गांधी, दिलीप पांडे, एस. शाह, डॉक्टर अशोक, गुल पनाग, हरिंदर सिंह खालसा, आईडी खजूरिया, कंचन चौधरी, तनु भाई कसारिया, लिगराज, मुजफ्फर भट्ट, पंकज पुष्कर, प्रवीन अमानउल्ला, प्रफेसर साधु सिंह, राजमोहन गांधी, सारा जोसफ, सुनील अग्रवाल, तनवीर मकबूल दर, विजय नायर शामिल हैं।
केजरीवाल ने कहा कि, लोकसभा चुनाव में जहां बीजेपी को जनता ने भरपूर जनादेश दिया है वहीं, कांग्रेस और अन्य दलों को सिरे से नकार दिया है| केजरीवाल ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी साथ ही, कालेधन पर गठित की गई एसआईटी का स्वागत किया है| केजरीवाल ने कहा कि, मोदी जी से लोगों को काफी उम्मीदें हैं और उनको अब लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा| इसके साथ ही केजरीवाल ने कहा कि, केन्द्र की नई सरकार दिल्ली में बिजली और पानी पर तुरंत सब्सिडी दे और देश में बढ़ रही महंगाई पर काबू करे| केजरीवाल ने कहा कि, हमारी पार्टी के जीते हुए चारों सांसद लोकसभा में जनता से जुड़ी मांगों को पुरजोर तरीके से उठाएंगे| केजरीवाल ने गैस की कीमतों में हो रही बढ़ोत्तरी को लेकर केन्द सरकार के खिलाफ विरोध भी जताया| साथ ही रक्षा के क्षेत्र में 100 फीसदी एफडीआई पर सरकार को दोबारा विचार करने की सलाह दी|