नई दिल्ली: टीम इंडिया आज न्यूज़ीलैंड के लिए रवाना हो गई है| टीम इंडिया न्यूजीलैंड के साथ पांच वनडे और दो टेस्ट खेलेगी साउथ अफ्रीका में मिली क़रारी हार के बाद सबकी नज़रें अब न्यूजीलैंड दौरे पर है| महेन्द्र सिंह धोनी अपनी टीम के साथ न्यूजीलैंड के दौरे पर रवाना हो गए हैं| न्यूजीलैंड में टीम इंडिया की कड़ी परीक्षा होने वाली है| उन्होंने उम्मीद जताई की टीम को न्यूजीलैंड से अच्छी टक्कर मिलेगी और नए खिलाड़ियों को वहां के ग्राउंडस और पिचों को समझने में मदद मिलेगी|
न्यूजीलैंड रवाना होने से पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में धोनी ने कहा कि 'जहां तक अनुभव का सवाल है, अगला विश्व कप ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में आयोजित किया जाना है इसलिए ज्यादातर खिलाड़ियों को विकेट का एहसास हो जाएगा| जब मैं पहली बार न्यूजीलैंड गया था, फील्डिंग पोजिशन काफी भ्रामक थी और वहां के मैदान का आकार भी बहुत असामान्य है|'
धोनी का मानना है कि उनकी टीम में काफी प्रतिभाएं हैं और कई नए खिलाड़ी हैं जो अच्छा कर रहे हैं धोनी ने कहा कि, वर्ल्ड कप की टीम कड़ी और बड़ी लड़ाइयां जीतकर ही बनाई जा सकती है| रही बात टेस्ट की तो टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका जैसी परेशानी नहीं आनी चाहिए| न्यूजीलैंड की टीम वनडे और टी-20 में ताकतवर है, लेकिन टेस्ट में अब भी वो भारत से मीलों पीछे है. जाहिर है इस फॉर्मेट में मनोवैज्ञानिक बढ़त भारत के पास होगी| दूसरी बात ये भी है कि टेस्ट से पहले पांच वनडे और एक टी-20 होना है इसलिए खिलाड़ियों के पास पिच और परिस्थितियों को समझने का पूरा मौका भी होगा|