गोवा में मोदी की रैली आज 'सपा की तैयारी जोरों पर'
पणजी: मिशन 2014 की तैयारियों में सभी राजनीतिक पार्टियां जुटी हुई हैं| हर दिन बैठक और रैली का दौर भी शुरू है। आज बीजेपी, समाजवादी पार्टी और नई नवेली पार्टी ‘आप’ जनता के बीच होगी दरअसल आज समाजवादी पार्टी आज लखनऊ में 11 बजे से बैठक कर रही है ये बैठक पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने बुलाई है| इस बैठक में सभी लोकसभा उम्मीदवार शामिल होंगे। साथ ही बैठक में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव भी शामिल होंगे। बैठक लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर हो रही है| बताया जा रहा है कि, लोकसभा चुनाव के तैयारियों से मुलायम खुश नहीं हैं।
भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की आज गोवा में रैली है। इस रैली को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दावा किया है कि विभिन्न अल्पसंख्यक वर्गों में नरेन्द्र मोदी की रैली को लेकर जबर्दस्त उत्साह है और वे इसमें शामिल होने को उत्सुक हैं। गोवा भाजपा के प्रवक्ता विल्फ्रेड मिस्कीटा ने बताया कि यहां के अल्पसंख्यक वर्गों में मोदी की रैली को लेकर बेहद उत्साह है। रैली में शामिल होने के लिए पंजीकरण करा चुके करीब एक लाख लोगों में से लगभग 25 हजार अल्पसंख्यक वर्गों से हैं।
भाजपा ने अपनी सोशल इंजीनियरिंग की मदद से सन 2012 में हुये पिछले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस से इस राज्य में सत्ता हथिया ली थी। भगवा पार्टी ने इन चुनावों में अल्पसंख्यक वर्ग के कई लोगों को उम्मीदवार बनाया और उसके लिये यह फायदेमंद साबित हुआ। प्रदेश के पूर्व राजस्व मंत्री मिस्कीटा ने कहा कि लोग मोदी की रैली में स्वयं भाग लेना चाहते हैं। रविवार को आयोजित मोदी की जनसभा इस तटीय राज्य में आगामी लोकसभा चुनाव के प्रचार का स्वर तय करेगी।
इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिये गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं। मिस्कीटा ने कहा, ‘यह सिर्फ मोदी को सुनने के बारे में नहीं है। मोदी का भाषण तो वे घर पर टेलीविजन पर भी सुन सकते हैं लेकिन रैली के जरिये लोग इस राजनीतिक घटनाक्रम का हिस्सा बनना चाहते हैं।‘ भाजपा का देशभर में करीब सौ जनसभाएं करने का लक्ष्य है जो आम चुनाव तक होती रहेंगी। गोवा की रैली में पार्टी को करीब एक लाख लोगों के भाग लेने की उम्मीद है। आयोजकों ने रैली में शामिल होने के लिये पांच रुपये का टिकट रखा है। आम जनता के साथ साथ यह शुल्क पार्टी कार्यकर्ताओं से भी लिया जायेगा।
रैली यहां शहर के बाहर खुले मैदान में होगी. इसमें भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे. भाजपा की गोवा प्रभारी स्मृति ईरानी ने पंजीकरण के उद्देश्य से कार्यकर्ताओं के लिये एक ऑनलाइन पोर्टल जारी किया है जबकि मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर रैली के बारे में लोगों में जागरकता और भागीदारी बढ़ाने के लिये 15 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं।