महिलाओं को पीटने वाले उत्तर प्रदेश के पुलिसकर्मी निलंबित
लखनऊ: उत्तर प्रदेश राज्य के फिरोजाबाद जिले में महिलाओं को पीटना पुलिसकर्मियों को महंगा पड़ा। आज मामले के आरोपी थाना प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। दरअसल, मटसौना थाना की पुलिस ने प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं को पैरों और डंडो से पीटा था। ये महिलाए मटसौना थाना क्षेत्राधिकार में पड़ने वाले क्षेत्र पथनी गांव के पास सोमवार देर रात एक ट्रैक्टर से कुचलकर दो लोगों की मौत हो जाने के चलते प्रदर्श कर रहीं थी। मृतक के परिजनों और प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं का आरोप था कि, पुलिस ने पैसे लेकर ट्रैक्टर चालक को छोड़ दिया। वे इसी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।
पुलिस ने महिलाओं को समझाने के बजाय उनकी पिटाई कर दी। जिसके बाद मंगलवार को स्थानीय समाचार चैनलों द्वारा प्रसारित फुटेज में थाना प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मी महिलाओं पर लात-घूसे चलाते साफ देखे गए। जिसके बाद देर रात जिले के पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने थाना प्रभारी प्रकाश यादव के अलावा कांस्टेबल नीरज कुमार, गजराज और संजय को निलंबित कर दिया। इसके अलावा राकेश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जायेगा उसे नहीं बख्शा जायेगा। दूसरी तरफ, राज्य सरकार ने भी पुलिस अधीक्षक से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है।