स्वार्थी लोगों के लिए पार्टी में जगह नहीं: आप
नई दिल्ली: लक्ष्मीनगर विधानसभा के ‘आप’ विधायक बिन्नी की बगावत पर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, बिन्नी उनके पास लोकसभा चुनाव का टिकट मांगने आए थे और मैने मना कर दिया था। इसलिए बिन्नी ने पार्टी के खिलाफ बगावती तेवर अपना लिए। अरविन्द ने यह भी जानकारी दी है कि, पार्टी के किसी भी विधायक को लोकसभा चुनाव लड़ने का टिकट नहीं दिया जाएगा। यानि, लोकसभा प्रत्यासी नए होंगे।
इसके अलावा हाल में ‘आप’ ज्वाइन करने वाले टीवी जर्नलिस्ट आशुतोष ने कहा कि, किसी भी स्वार्थी व्यक्ति के लिए पार्टी में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि, पार्टी में बार-बार रूठने मनाने का काम नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वार्थ, लालच और महात्वाकांक्षाओं की पूर्ति करने के लिए ऐसे व्यक्तियों की पार्टी में कोई जगह नहीं है। वहीँ, बिन्नी के आरोपों को ख़ारिज करते हुए आशुतोष ने कहा कि, ‘आप’ 15 दिनों के भीतर अपने एजेंडे को लागू किया है।
आपको बताते चलें कि, बिन्नी ने अरविन्द के इस बयान को कि, ‘वह उनके पास लोकसभा टिकट’ मांगने गए थे को झूठा बताया। बिन्नी ने कहा कि, अरविन्द झूठ बोल रहें हैं। बिन्नी ने कहा कि, मैंने कभी भी मंत्री बनाने या लोकसभा चुनाव का टिकट देने की मांग नहीं की। लेकिन यदि पार्टी के पार्टी के अंदरूनी सूत्रों की माने तो बिन्नी ने ‘आप’ से पूर्वी दिल्ली से लोकसभा का टिकट मांगा था, जिस पर पार्टी तैयार नहीं हुई। इसके बाद बिन्नी ने बगावती रुख अख्तियार कर लिया।
इससे पहले भी कैबिनेट में जगह नहीं मिलने पर केजरीवाल और दिल्ली के मंत्रियों के शपथ ग्रहण से पहले बिन्नी ने पार्टी से बगावत कर दी थी और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुलासे की बात कही थी। उस वक्त 'आप' नेता कुमार विश्वास और संजय सिंह देर रात बिन्नी को मनाने उनके घर पहुंचे थे, जिसके बाद बिन्नी मान गए थे।