अमेठी में बोले विश्वास- 'इस बार नौकर को जिताओ'
अमेठी: ‘आप’ नेता कुमार विश्वास आज अमेठी के रामलीला मैदान में ‘जनविश्वास रैली’ के माध्यम से लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि, रानी (सोनिया गांधी), युवराज (राहुल गांधी) और राजा को आपलोग कई बार जिता चुके हो। लेकिन, वह आपकी उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सकें। इस बार आप नौकर (मुझे-कुमार विश्वास) को जिताओ और मुझसे कहो ‘ये नौकर संसद में जा और मेरा काम कर’।
उन्हें काले झंडे और उनपर काली स्याही फेंके जाने पर उन्होंने कहा कि, कांग्रेसी बौखला गए हैं और काला स्याही हमारे लिए अच्छा है। कुमार ने कहा कि, हम लाठियों से नहीं डरने वाले, काले झंडे से नहीं डरने वाले। कांग्रेसी हमें जितने काले झंडे दिखाएंगे हमारी लोकप्रियता उतनी ही बढ़ेगी। और इस तरह से हमारे वोट एक दिन में 1-1 हजार बढ़ेंगे। सोनिया गांधी के दामाद राबर्ट वाड्रा पर तंज कसते हुए विश्वास ने कहा कि, वह किसी से नहीं डरेंगे इसका नमूना यह है कि, उन्होंने राबर्ट वाड्रा की पोल खोलने में एक मिनट नहीं लगाई थी। विश्वास ने कहा कि, कांग्रेसियों के खिलाफ जनता में नीचे-नीचे आग लग गई है। यह चुनाव कुमार विश्वास नहीं बल्कि, अमेठी की जनता खुद लड़ रही है। इस बार कांग्रेस की खैर नहीं है।
वही, ‘आप’ के संयोजक संजय सिंह ने कहा कि, जो काली स्याही कुमार पर फेंकी गई है और झंडे दिखाए गए हैं ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। संजय ने कहा कि, अरविन्द पर भी काली स्याही फेंकी गई थी। लेकिन, जनता ने उन्हें चुना और उन्हें मुख्यमंत्री बनाया। अब यहां पर कुमार के ऊपर फेंकी गई है इसका मतलब यह है कि, कांग्रेसी बौखला गएँ हैं और वह अनाब-सनाब काम कर रहें हैं। जिस तरह से अरविन्द ने दिल्ली में जीत दर्ज की है वैसे ही कुमार अमेठी में जीत दर्ज करेंगे।
वहीँ, कांग्रेसी नेता राजीव शुक्ल ने कहा कि, अमेठी की जनता के दिलों में राहुल गांधी रहते हैं उन्हें उनके दिल से कोई नहीं निकाल सकता। अमेठी की जनता का आशीर्वाद राहुल के साथ है। उन्हें अमेठी से कोई भी नहीं हरा सकता। राजीव ने कहा है कि, चाहे जो भी अमेठी से राहुल के सामने आए लेकिन, वह टिक नहीं पाएगा।