हम तो हैं मजदूर नंबर 1: मोदी
16 May 2014
वडोदरा: लोकसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत से उत्साहित बीजेपी के पीएम पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने वडोदरा पहुंचकर वहां की जनता का शुक्रिया अदा किया| सबसे पहले मोदी ने कहा कि, देश भर की मीडिया के लोग सुबह से चाह रहे थे कि, मैं कुछ बोलूं लेकिन, मैं सोच रहा था कि, कुछ भी बोलूंगा तो वड़ोदरा जाकर बोलूंगा क्योंकि, मुझ पर पहला हक वडोदरा वालों का है| इसके बाद जीत के उत्साह से लबरेज मोदी ने कहा कि, अच्छे दिन आ गए| उन्होंने कहा कि, उनकी ये यात्रा आह से लेकर वाह तक की है| मोदी ने कहा कि, मैं वडोदरा में आपका अभिनंदन और धन्यवाद करने के लिए आया हूं| मोदी ने कहा कि, इस चुनाव में व्यक्तिगत रूप से एक उम्मीदवार होने के नाते दो बातें हुईं| एक वड़ोदरा को मैं मुश्किल से नामांकन के बाद सिर्फ 50 मिनट दे पाया था और आपने पांच लाख सत्तर हजार वोट दे दिए| इसके लिए मैं वड़ोदरा की जनता को सिर झुकाकर नमन करता हूं| आपने जो प्यार दिया है और एक-एक मतदाता ने नरेन्द्र मोदी बनकर काम किया है उसके लिए मैं आप सबको हृदय से धन्यवाद करता हूं आपने बहुत बड़ी जिम्मेदारी निभाई है|
वहीं, वाराणसी में सभा करने की मंजूरी ना मिलने का दर्द बयां करते हुए मोदी ने कहा कि, दूसरी बात ये है कि, पहली बार किसी उम्मीदवार को अपने मतदाताओं के साथ संवाद करने का मौका नहीं मिला| उन्होंने कहा कि, वाराणसी में मोदी के मौन पर मुहर लगा दी, मुझे बनारस में एक उम्मीदवार के नाते अपनी बात बताने का मौका नहीं मिला, उसके बाद भी मोदी के मौन पर बनारस के लोगों ने जो मुहर लगाई है ये दो घटनाएं मेरे साथ जुड़ गई हैं| मोदी ने कहा कि, 60 साल के हिन्दुस्तान के लोकतंत्र के इतिहास में एक नया रिकॉर्ड बना है और पता नहीं कि, मीडिया में ये बात नजर में आई या नहीं आई लेकिन, मेरी नजर में आई| उन्होंने कहा कि, मुझे बताया गया कि, हमारे देश में अब तक लोकसभा के जितने भी आम चुनाव हुए हैं उसमें 5 लाख 70 हजार का रिकॉर्ड किसी ने बनाया नहीं है| ये काम वडोदरा ने करके इतिहास में अपना नाम लिखा दिया है| इस नए रिकॉर्ड को कायम करने के लिए वड़ोदरा के लोगों को बधाई देता हूं| मोदी ने कहा कि, मोदी कहीं पर भी हो आपकी परेशानियों का पता चल ही जाता है|
वडोदरा में हुई ज्यादा पोलिंग को लेकर मोदी ने कहा कि, मतदाता जागरुकता का जो काम हुआ है, वडोदरा ने एक दिशा निर्देशक का और प्रेरक का काम किया है उसके लिए मैं बहुत-बहुत बधाई देता हूं| उन्होंने कहा कि, इस चुनाव में गुजरात ने अद्भुत रिकॉर्ड कायम किया है, 26 में से 26 सीटों पर बीजेपी आगे रही| मोदी ने चुटकी लेते हुए कहा कि, अगर यही बात हम पहले बोलते थे तो, ये हमारा मजाक उड़ाते थे और अगर 26 में से 25 सीटें भी आ जातीं तो, हमारी धुलाई हो जाती| मोदी ने कहा कि, गुजरात में मतदाताओं ने करीब 60 फीसदी पोलिंग की| ये हिन्दुस्तान के लोकतंत्र की एक नई मिसाल है| इसके साथ ही मोदी ने कांग्रेस पर भी चुटकी लेते हुए कहा कि, गुजरात में एसेंबली के उपचुनाव में जिसमें 6 सीटें कांग्रेस की थीं और एक सीट बीजेपी की थी लेकिन, गुजरात की जनता ने कांग्रेस से उसमें से भी 3 सीटें हमको दे दीं| 7 में से 4 सीटें बीजेपी को दे दी और तीन कांग्रेस के लिए इसलिए रखी हैं कि, कहीं उन्हें कोई तकलीफ ना हो जाए|
बीजेपी को मिल रहे स्पष्ट बहुमत को देखते हुए मोदी ने कहा कि, देश में आजादी के बाद ज्यादातर कांग्रेस पार्टी की सरकार रही है| दिल्ली में ज्यादातर कांग्रेस की सरकार बनी या फिर, कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए के गठबंधन की बनी, या फिर विपक्ष के गठबंधन की सरकारें बनीं| लेकिन, जयप्रताप नारायण जी के नेतृत्व में जनता पार्टी की जो सरकार बनी थी वो भी कई दलों को मिलाकर जनता पार्टी बनी थी| मोदी ने कहा कि, हिन्दुस्तान के इतिहास में शुद्ध रूप से कांग्रेस के सिवाय किसी एक दल की स्पष्ट बहुमत से सरकार बनी हो, आजादी के बाद ऐसा पहली बार हुआ है| इसके साथ ही लोकसभा चुनावों के दौरान अपनी रैलियों और मेहनत की तारीफ करते हुए मोदी ने कहा कि, परिश्रम करने की मेरी जो क्षमता है जो, प्रतिबद्धता है और जो पराकाष्ठा है, उसपर देश में किसी को कोई शक है? उन्होंने कहा कि, हम तो मजदूर नंबर वन हैं और आने वाले 60 महीने में इस देश को मेरे जैसा मजदूर नहीं मिलेगा| मैंने चुनाव प्रचार में मजदूर कैसा होता है उसका उदाहरण पेश कर दिया है| यही एक विषय है कि, मेरे विरोधी भी इस पर सवालिया निशान नहीं लगाते हैं और मेरा घोर विरोधी मीडिया भी इस पर कुछ नहीं बोलता है|
मोदी ने एक बार फिर गुजरात की जनता को बधाई देते हुए कहा कि, चार बार आपने मुझे मुख्यमंत्री पद का दायित्व दिया है और एक दिन भी मैंने छुट्टी नहीं ली है क्योंकि, मैं मानता हूं कि, आपने जो जिम्मेदारी दी है उसको पूरा करने में मेरे शरीर का प्रत्येक कण, समय का प्रत्येक क्षण सवा सौ करोड़ देशवासियों को समर्पित है| मोदी ने कहा कि, हमारा मकसद है सबका साथ, सबका विकास| उन्होंने कहा कि, सिर्फ नारा नहीं बलकि, ये वो हकीकत है जिसे गुजरात की जनता ने जिया है| यही हमारे काम का मंत्र है ये कोई खोखले शब्द नहीं हैं|