कड़वी सच्चाई..! यूपी में 5% पुलिसकर्मियों का आचरण ठीक नहीं
08 Feb 2014
बलिया: ‘उत्तर प्रदेश राज्य में पांच फीसदी पुलिसकर्मियों का आचरण ठीक नहीं है’ ऐसा हम नहीं बल्कि, राज्य के पुलिस महानिदेशक रिजवान अहमद का कहना है। इसके साथ ही अहमद ने उन पुलिसकर्मियों को चेताया भी है कि, वह लोग ओने बर्ताव में सुधर कर लें अन्यथा उन्हें निलंबित कर दिया जायेगा।
अहमद ने यह बातें अपने पैतृक गांव अवांया में आयोजित अपने अभिनन्दन समारोह के बाद मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कही। अहमद ने कहा कि, पुलिस विभाग में पांच प्रतिशत कर्मी ऐसे हैं जिनका आचरण सही नहीं हैं. उन्हें सुधार करना चाहिये, वरना उन्हें हटा दिया जाएगा। बिलकुल वैसे जैसे कैंसर से ग्रस्त अंग को काटकर शरीर से बाहर निकाल दिया जाता है। अहमद ने यह स्वीकार किया है कि, उत्तर प्रदेश राज्य की पुलिस के प्रति आम जनता की धारणा अच्छी नहीं है। पुलिस को अपने आचरण में बदलाव कर जनता का भरोसा जीतना चाहिये।
आगे अहमद ने कहा कि, लोग न्याय के लिये ही पुलिस के पास जाते हैं और अगर पुलिस ही फरियादी की बात ठीक ढंग से नहीं सुनेगी और न्याय नहीं दिलाएगी तो जनता किसके पास जाएगी? अहमद ने कहा कि पुलिस को जाति-धर्म के भेदभाव के बगैर अपना काम करना चाहिये। पक्षपातपूर्ण कार्रवाई नहीं की जानी चाहिये। अहमद ने यह भी जानकारी दी है कि, अब राज्य में इंटरनेट के जरिये मुकदमा दर्ज कराने की सुविधा बहुत जल्द शुरु होगी। उन्होंने कहा कि महिला हेल्पलाइन 1090 पर अब मोबाइल फोन चोरी होने की सूचना भी दर्ज करायी जा सकेगी। यह सुविधा एक हफ्ते के अंदर शुरु कर दी जाएगी।