कांग्रेस का काम, 'देश तोड़ो, दल तोड़ो और दिल तोड़ो': मोदी
28 Feb 2014

 

कांग्रेस का काम, 'देश तोड़ो, दल तोड़ो और दिल तोड़ो': मोदी
गुलबर्ग: कर्नाटक के गुलबर्ग में बीजेपी के पीएम पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने चुनावी सभा में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला| मोदी ने कर्नाटक की जनता से अपील की कि, अगर हर समस्या से निजात पाना है तो, कांग्रेस मुक्त भारत बनाना होगा| गुलबर्ग के मैदान में आयोजित सभा में मोदी ने कहा कि, यहां पर आई जनता का मैं बहुत अभिनंदन करता हूं और आपको देखकर तो ऐसा लग रहा है कि, जैसे मानो गुलबर्ग में केसरिया समंदर लहरा रहा है| वहीं उन्होंने कहा कि, 2014 के चुनाव से पहले बीजेपी की आंधी चल रही है और आंधी के बाद जो सुनामी आएगी उससे कांग्रेस पार्टी बच नहीं पाएगी| मोदी ने कहा कि, कांग्रेस दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी| 10 जनपथ को लेकर मोदी ने सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि, 10 नंबरी गांधी देश को बांटने की राजनीति करते हैं| मोदी ने कहा कि, कांग्रेस ने हमेशा तोड़ो और राज करो, बांटो और वोट बैंक बनाओ की राजनीति की है|
 
इसके साथ ही नरेन्द्र मोदी ने तेलंगाना राज्य के गठन पर कहा कि, तेलंगाना का गठन हो ये बात बीजेपी भी चाहती थी लेकिन, कांग्रेस ऐसी डॉक्टर है जो, बच्चे को तो जन्म दिला देती है लेकिन, मां को मार देती है| मोदी ने तेलंगाना के गठन पर कहा कि, बीजेपी चाहती थी कि, स्वस्थ्य बच्चा पैदा हो और मां भी सुरक्षित रहे| उन्होंने कहा कि, वो तेलंगाना बनाने वालों को बधाई देते हैं, सैकड़ों लोगों की शहादत के चलते तेलंगाना बना है ना कि, कांग्रेस ने तेलंगाना का गठन किया है| मोदी ने कहा कि, तेलंगाना के लिए कई सालों तक लोगों ने जेलों में जिंदगी गुजारी और सीने पर गोली खाई है, ऐसे शहीदों को मैं नमन करता हूं| इसके साथ ही मोदी ने कांग्रेस पर सीमांध्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि, सीमांध्र भी हिन्दुस्तान का अभिन्न अंग है लेकिन, कांग्रेस ने उसको अनाथ छोड़ दिया है| मोदी ने कहा कि, कांग्रेस को इसका लाभ नहीं मिलने वाला है क्योंकि, कांग्रेस ने अपनी जिम्मेदारी पूरी तरह नहीं निभाई है| मोदी ने कहा कि, वो सीमांध्र के लोगों के आंसू पोंछने के लिए वहां जाएंगे और उनके हृदय पर जो घाव लगे हैं उनपर मरहम लगाने का काम करेंगे| मोदी ने कहा कि, मैं हैदराबाद, तेलंगाना और सीमांध्र से कहना चाहता हूं कि, पिछले कई सालों से आप पर जो जुर्म हुआ है उसे मैं समझता हूं और, ये केवल 100 दिन का सवाल है| देश की जनता बंटवारे की राजनीति करने वाली कांग्रेस को उखाड़ फेंकेगी|
 
मोदी ने कर्नाटक के विकास को लेकर भी राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया| उन्होंने कहा कि, कर्नाटक के कई इलाके विकास की राह तक रहे हैं, कर्नाटक की सरकार ने आजतक यहां कुछ नहीं किया है| मोदी ने रेल मंत्री मल्लिकार्जुन खड़गे और सूबे के मुख्यमंत्री के सिद्धरमैया पर निशाना साधते हुए कहा कि, रेल मंत्री की रेल ठप्प पड़ी है और मुख्यमंत्री का कारोबार ठप्प पड़ा है| मोदी ने अपनी पूरी चुनावी सभा में कांग्रेस पर बांटने की राजनीति करने का आरोप बार-बार लगाया| मोदी ने कहा कि, कांग्रेस पार्टी की दूसरी पहचान है वोट बैंक की राजनीति, भ्रष्टाचार की राजनीति और भाई-भतीजे वाद की राजनीति करना| उन्होंने कहा कि, जनता दुखी रहे, गरीब-गरीब रहे लेकिन उनकी सरकार सलामत रहे| देश ने 60 साल तक उनको (कांग्रेस) झेला है| 60 साल में देश कहां तक पहुंच जाता यहां तक कि, जो देश हमारे बाद आजाद हुए वो हमसे आगे पहुंच गए लेकिन, कांग्रेस के भ्रष्टाचार के चलते हमारा देश पिछड़ता ही जा रहा है|
 
मोदी ने कहा कि, चुनाव सामने है लेकिन, कांग्रेस अपने कारनामों से बाज नहीं आ रही है| कांग्रेस पार्टी ने पहले देश को बांटा और दिल्ली में बैठ गए, फिर भाषा और प्रांत की राजनीति कर झगड़े करवा दिए और भाई-भाई को लड़वा दिया, फिर राज्यों के बीच पानी को लेकर लड़ा दिया, गांव और शहरों को लड़ा दिया और दलों के टुकड़े करा दिए| मोदी ने कहा कि, दल को तोड़ो, देश को तोड़ो और दिल को तोड़ो यही कांग्रेस का काम रहा है| वहीं, गुलबर्ग के मैदान में उमड़े जनसमूह को लेकर मोदी ने कहा कि, मैदान भले ही छोटा पड़ गया हो लेकिन, उनका दिल बहुत बड़ा है और, अपने दिल वो कर्नाटक की जनता को जगह देंगे| इसके साथ ही युवाओं का आह्वान करते हुए मोदी ने कहा कि, अगर उन्हें अपने जीवन में बदलाव, रोजगार, सम्मान, गौरव और अवसर चाहिए तो, कांग्रेस मुक्त भारत बनाना होगा| क्योंकि, ना तो कांग्रेस ने युवाओं के लिए कभी कुछ किया है और ना ही कभी कुछ करेगी तो, ऐसी पार्टी की क्या जरूरत है| मोदी ने कांग्रेस को देश पर बोझ बताते हुए कहा कि, 2014 के चुनाव में बीजेपी एक संकल्प लेकर चल रही है| जो लोग बोझ बन गए हैं और जो किसी का भला नहीं कर सकते, युवाओ को रोजगार नहीं दे सकते ऐसे लोगों को देश से बाहर करना है|
 
इसके साथ ही मोदी ने कहा कि, आज तक देश में जो जहर फैलाया गया है उस जहर को शिवरात्रि के दिन शिवजी ने पी लिया है| बीजेपी को वोट देने की अपील के साथ मोदी ने कहा कि, मैं देश की जनता को पल-पल और पाई-पाई का हिसाब दूंगा| देश की जनता किसी भी समय मेरा हिसाब मांग सके उस इरादे के साथ काम करूंगा| कर्नाटक की लोकसभा चुनाव में भूमिका को लेकर उन्होंने कहा कि, 2014 के लोकसभा चुनाव में कर्नाटक हिंन्दुस्तान की राजनीति को नया आयाम दे सकता है और, कांग्रेस मुक्त भारत बनाने में कर्नाटक अपना योगदान दे क्योंकि, कांग्रेस से मुक्ति बिना महंगाई, भ्रष्टाचार, दुराचार, महिलाओं की सुरक्षा और नौजवानों को रोजगार नहीं मिलेगा|

Share this post

Submit to Facebook Submit to Google Bookmarks Submit to Technorati Submit to Twitter Submit to LinkedIn