सोनिया ने ली हार की जिम्मेदारी कहा, 'पार्टी के खिलाफ जनादेश'
16 May 2014

 

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव की मतगणना के दौरान आ रहे रुझानों में कांग्रेस की इतिहास की सबसे बुरी हालत को देखते हुए खुद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी की हार की जिम्मेदारी अपने सिर ले ली| एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि, लोकसभा चुनाव के नतीजे हमारे सामने हैं| कांग्रेस ने अपनी उपलब्धियों, नीतियों और सिद्धांतों के आधार पर इस चुनाव में अपने विरोधियों का सामना किया लेकिन, वो समर्थन हमें नहीं मिला जिसकी हमें आशा थी| सोनिया ने कहा कि, ये जनादेश हमारी पार्टी के खिलाफ है लेकिन, हम मतदाताओं के फैसले का विनम्रता से आदर करते हैं|
 
इसके साथ ही सोनिया गांधी ने केन्द्र में बनने जा रही नई सरकार को बधाई देते हुए कहा कि, हम आशा करते है कि, केन्द्र में जो सरकार बनेगी वह भारतीय समाज की एकता और देश के हितों के साथ कभी समझौता नहीं करेगी| कांग्रेस अपनी परंपरा, बुनियादी सिद्धांतों और आदर्शों के लिए हमेशा संघर्ष करेगी और इनसे कभी समझौता नहीं करेगी| सोनिया गांधी ने देश के मतदाताओं और पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, मैं पार्टी की अध्यक्ष हूं और पार्टी अध्यक्ष होने के नाते हार की जिम्मेदारी लेती हूं| इस दौरान सोनिया गांधी के साथ कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहे|

Share this post

Submit to Facebook Submit to Google Bookmarks Submit to Technorati Submit to Twitter Submit to LinkedIn