कांग्रेस और यूपीए के लिए 'राहु' हैं राहुल: रामदेव
रांची/नई दिल्ली: एक बार फिर से योगगुरु रामदेव ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर ज़ुबानी हमला बोला है। इस बार उन्होंने राहुल गांधी की तुलना कांग्रेस और यूपीए के लिए ‘राहू ग्रह’ से कर दी है। इसके अलावा उन्होंने केंद्र सरकार पर भी जमकर कटाक्ष किया। बाबा ने कहा कि, देश की जनता कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए बेचैन है।
बाबा ने बुधवार को कहा कि, कांग्रेस के लिए राहुल गांधी 'राहु' की तरह हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी हमला बोला और सत्तासीन कांग्रेस को देश के लिए कचरा करार दिया। बाबा ने कहा कि, भारत वर्ष की जनता अब इस कचरे को फेंककर रहेगी। नमो पतंगबाजी व कुछ अन्य कार्यक्रमों में शरीक होने पहुंचे बाबा रामदेव ने पत्रकारों से कहा कि देश में राजनीति अराजकता की दौर से गुजर रही है। इससे मुक्ति के लिए उन्होंने लोगों से भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के पक्ष में गोलबंद होने की अपील की।
बाबा ने होटवार में भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि, यदि 10 करोड़ मतदाता कांग्रेस को गद्दी पर बैठा सकते हैं तो हमारे पास 12 करोड़ कार्यकर्ता हैं। जो कांग्रेस समर्थकों से कही ज्यादा हैं। बाबा ने कहा कि, यदि देश के पहले प्रधानमंत्री के रूप में सरदार बल्लभभाई पटेल को मौका दिया गया होता तो आज देश की हालत दयनीय नहीं होती।