पीएम के विदाई डिनर में शामिल नहीं हुए राहुल गांधी
15 May 2014
नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष और यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के सम्मान में डिनर का आयोजन किया जिसमें मनमोहन सिंह को विदाई दी गई। इस डिनर पार्टी में यूपीए सरकार के तमाम मंत्री शामिल थे| इस दौरान मनमोहन सिंह को शॉल देकर सम्मानित किया गया| हालांकि, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी इस डिनर पार्टी में शामिल नहीं हुए| उन्होंने दस मई को ही पीएम से मुलाकात कर ली थी। डिनर पार्टी के बाद सोनिया गांधी ने कहा कि, उन्हें उम्मीद है कि, देश में फिर से यूपीए की सरकार बनने जा रही है और हमें एग्जिट पोल पर कोई भरोसा नहीं है। साथ ही सोनिया गांधी ने कहा कि, हम क्षेत्रीय दलों के संपर्क में हैं।
प्रधानमंत्री लोकसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के अगले दिन यानि कि, 17 मई को अपना पद छोड़ देंगे| उन्होंने इस साल की शुरुआत में ही अगली बार प्रधानमंत्री पद की दौड़ में शामिल नहीं होने की घोषणा की थी| मनमोहन सिंह ने दस साल तक यूपीए-1 और यूपीए-2 सरकार की कमान संभाली| अपना पद छोड़ने से एक दिन पहले वो राष्ट्र के नाम अपना संदेश भी देंगे|