देश को चौकीदार की कोई जरूरत नहीं है: राहुल गांधी
11 Mar 2014
महिसागर: लोकसभा चुनाव के करीब आने के साथ ही कांग्रेस की चुनावी रैलियों का सिलसिला भी बढ़ गया है। आज कांग्रेस के उपाध्यक्ष गुजरात के महिसागर में अपनी चुनावी रैली को संबोधित किया। रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने नरेन्द्र मोदी के उस बयान जिसमे वह कहते हैं कि, वह देश की रखवाली चौकीदार की तरह करेंगे को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, देश को किसी चौकीदार की जरूरत नहीं है। इसके अलावा राहुल ने नरेन्द्र मोदी के ‘गुजरात माडल’ की भी जमकर आलोचना की।
राहुल गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि, गुजरात का विकास मॉडल पुराना है। अमूल को मैं सात वर्षो से देख रहा हूं। कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी और सरदार पटेल की पार्टी है। गुजरात को यहां के लोगों ने खड़ा किया है। हिंदुस्तान को किसी चौकीदार की जरूरत नहीं है। हम महिलाओं, बुजुर्गो और नौजवानों को देश का रखवाला बनाना चाहते हैं। राहुल गांधी ने नरेन्द्र मोदी पर गरीबो की जमीन हड़पने का भी आरोप लगाया। राहुल ने कहा कि, गरीबों की जमीन हड़पना चौकीदारी नहीं है। यह चोरी है। देश की जनता को उनका हक देने की जरूरत है। अंग्रेज भी यहां चौकीदारी करने आए थे, लेकिन उन्हें भगा दिया गया।
नरेन्द्र मोदी के अलावा राहुल गांधी ने आरएसएस पर भी जमकर कटाक्ष किया। राहुल ने कहा कि, संघ की विचारधारा जहर के समान है। राहुल ने कहा कि, संघ गांधी के संगठन को बर्बाद करना चाहता है। कांग्रेस और भाजपा की सोच में जमीन-आसमान का फर्क है। लोग कंप्यूटर का विरोध करते हैं। हम अपने नेताओं को मानते हैं। हम जो करते हैं, दूसरे लोग उसको हथिया लेते हैं। इनके पास क्रांति की सोच नहीं है। इनके पास गुस्सा है। गुस्से से इनको दर्द होता है। हमें गुस्सा नहीं आता है। हम हिंदुस्तान की शक्ति पर भरोसा करते हैं। भाजपा के लोग 20 साल बाद कहेंगे कि, मनरेगा हमने दिया है।
भाजपा पर हमला करते हुए राहुल ने कहा कि, भाजपा में विचारधारा की कमी है। हजारों एकड़ जमीन ले ली, युवकों को रोजगार नहीं मिला। भाजपा के लोग कहते हैं गुजरात चमक रहा है, लेकिन गरीबों के घर नहीं चमक रहे हैं। यहां 10-15 उद्योगपतियों के घर सोने की तरह चमक रहे हैं। उनकी गाड़ियां चमक रही है। 80 करोड़ भूखों को हमने खाना दिया। जब तक आपके दिलों-घरों में चमक नहीं आएगी तब तक हिंदुस्तान नहीं चमकेगा। हमें गरीबों के घरों में खुशियां लानी है। हम देश को बदलना चाहते हैं। अगर देश को बदलना है तो लोगों को मिडिल क्लास में लाना होगा। 70 करोड़ लोगों को मिडिल क्लास में लाना है।
नरेन्द्र मोदी पर फिर से हमला करते हुए राहुल ने कहा कि, देश में दो तरीके के नेता हैं। एक तो वह जो जनता के बीच जाकर उनसे बात करते हैं और उनके घरों में जाकर उनसे बात करके उनके तकलीफों की जानकारी लेते हैं और उनसे पूछते हैं कि, उनके लिए क्या करना चाहिए। वे जनता की सोच को समझने की कोशिश करते हैं। दूसरे तरीके के नेता हिटलर शाही का अनुकरण करते हैं।
11 Mar 2014