आज से जोड़ने की राजनीति शुरू: मोदी
16 May 2014
अहमदाबाद: बीजेपी के पीएम पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने रिकॉर्ड मतदान के लिए वडोदरा में एक सभा कर वहां की जनता को धन्यवाद देने के बाद अहमदाबाद में एक सभा को संबोधित किया| इस दौरान भी मोदी ने अहमदाबाद के साथ-साथ देश की जनता को बीजेपी के पक्ष में वोट देने के लिए धन्यवाद दिया| इस दौरान मोदी ने गुजरात की जनता और अहमदाबाद से बीजेपी के विजयी उम्मीदवार परेश रावल को बधाई दी| मोदी ने अहमदाबाद की जनता से गुजराती भाषा में उनका हाल-चाल पूछा| मोदी ने मौजूद सभा को संबोधित करते हुए कहा कि, जबसे वो राजनीतिक जीवन में आए तबसे उनके जीवन में ये पहला चुनाव है जब अहमदाबाद में उनकी एक भी सभा नहीं हुई| उन्होंने कहा कि, ये उनकी राजनीतिक जीवन की सबसे बड़ी सफलता है|
उन्होंने गुजरात के लोगों की तारीफ करते हुए कहा कि, मोदी रहे या ना रहे ये शहर चलता रहेगा, ये शहर साथ देता रहेगा और ये शहर बढ़ता जाएगा| मोदी ने अहमदाबाद की जनता से माफी मांगते हुए कहा कि, पूरे चुनाव अभियान में आपके बीच ना आने के लिए क्षमा और ना आने पर भी जो प्यार दिया है उसके लिए आपको 100-100 सलाम| मोदी ने कहा कि, वो देश के सभी नागरिकों का अभिनंदन करते हैं| हिन्दुस्तान के हर कोने से बीजेपी को आशीर्वीद मिला| आजादी के बाद ये पहली घटना है कि, एक ऐसा दल सत्ता में आया है जिसका गोत्र कांग्रेस का नहीं है, जिसकी सोच कांग्रेसी नहीं है| देश की जनता ने एक दल को पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने के लिए आदेश दिया है| आजादी के बाद जनता पार्टी की सरकार बनी वो कई दलों का एक प्लेटफॉर्म था, अटल जी के नेतृत्व में केन्द्र में सरकार बनी उसमें भी कई दलों का समूह था फिर कांग्रेस की सरकार बनी वो भी जोड़-तोड़ के साथ बनी थी लेकिन, पहली बार देश की जनता ने स्पष्ट जनादेश दिया है| जब स्पष्ट जनादेश मिलता है तो, जिम्मेदारी भी बहुत बढ़ जाती है| मोदी ने कहा कि, जनता ने उनपर जो भरोसा रखा है वो, उस भरोसे को कभी कोई चोट नहीं पहुंचने देंगे| देशवासियों ने जो बीजेपी और पार्टी कार्यकर्ताओं पर विश्वास रखा है उस विश्वास को चोट नहीं पहुंचेगी|
मोदी ने कहा कि, सार्वजनिक जीवन में लोकतंत्र में चुनाव की गहमागहमी में प्रतिस्पर्धा की तीव्रता में अपनी बात बताने के लिए पूरी ताकत झोंक दी जाती है, कई बार अच्छे बुरे शब्दों का इस्तेमाल भी हो जाता है| कभी उसका स्वागत होता है, कभी उसकी आलोचना भी होती है लेकिन, जनता के आदेश के मद्देनजर देशहित के लिए हम सब मिलजुल कर चलें| देश की जनता ने बीजेपी को आदेश दिया है और वो आदेश जो पराजित हुए हैं, उनको नीचा दिखाने के लिए नहीं दिया है| मोदी ने कहा कि, ऐसे भी बहुत दल हैं जो संसद में नहीं पहुंच पाए हैं, हमारे लिए उनता भी उतना ही महत्व है जितना, पार्लियामेंट के अंदर ताकत से आए लोगों का है| क्योंकि, हम जानते हैं कि, आप लोग भी सार्वजनिक जीवन में सालों से जिन विचारों को लेकर काम करते हैं उसमें भी कहीं ना कही देश हित की बातें हैं| मोदी ने कहा कि, तोड़ने की राजनीति का युग समाप्त हो चुका है, आज से जोड़ने की राजनीति का युग शुरू हो गया है| सवा सौ करोड़ लोग मेरे अपने हैं और उनका कल्याण ही मेरा काम है| उन्होंने कहा कि, मैं इस चुनाव में एक नए समाजशास्त्र का शिलान्यास देख रहा हूं| भव्य और दिव्य भारत के युग का आरंभ देख रहा हूं|
मोदी ने कहा कि, आजादी के बाद, आपात काल के बाद एक चुनाव आया था जिसमें उत्तरी भारत ने सामाजिक परिवेश से ऊपर उठकर वोट करने का निर्णय किया| आपात काल के बाद ये पहला चुनाव है जिसका नेतृत्व देश के युवाओं ने किया| और युवाओं ने इस चुनाव में धर्म और जातिवाद से ऊपर उठकर वोट किया| नौजवानों का एक ही मकसद था कि, अगर ऐसे ही देश चला तो देश का क्या होगा| ऐसा लगता है कि, इस बार जातिवादी परंपरा को छोड़कर एक नया आयाम खड़ा हुआ है| मोदी ने कहा कि, हमारे देश में माना जाता था कि, विकास के मुद्दे पर चुनाव नहीं लड़ा जाता और टुकड़े फेंकने पड़ते हैं, वोट बैंक की राजनीति करनी पड़ती है लेकिन, जिनको वो आदत थी वो उन साधनों से खेल खेलते रहे लेकिन, हमने तय किया था कि, हम गुड गर्वनेंस और डेवलपमेंट के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे और हमने डेवलपमेंट और गुड गवर्नेंस के मुद्दे पर ही चुनाव लड़ा|