भारत की सफलता का इतिहास पुन: लिखने का वक्त: राजनाथ
16 May 2014
नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव की मतगणना में मिले रूझान से मिले बहुमत के आसार से बीजेपी काफी खुश है| वजह है कि, बीजेपी ने भी ये कभी नहीं सोचा होगा कि, लोकतंत्र की इस परीक्षा में उसे इतने नंबर मिलेंगे| रूझानों के बाद जहां देश भर में जश्न का माहौल है वहीं, बीजेपी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देश की जनता को बधाई दी| राजनाथ सिंह ने कहा कि, 16वीं लोकसभा के चुनाव परिणाम करीब आ चुके हैं| चुनाव के जो नतीजे आए हैं उनसे मैं खुश हूं| राजनाथ ने कहा कि, देश की जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है वो उसका पालन करेंगे| राजनाथ ने कहा कि, लोकसभा चुनावों के नतीजों से वो खुश तो हैं ही लेकिन, इससे उन्हें एक जिम्मेदारी का भी एहसास हो रहा है| उन्होंने कहा कि, बीजेपी एक ऐसी पार्टी है जो 1984 के बाद पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी और उन्हें इस बात पर गर्व है कि, बीजेपी ने देश में कांग्रेस से भी बड़ा राजनीतिक स्तर पाने में कामयाबी हासिल की है|
राजनाथ ने कहा कि, बीजेपी को सभी वर्गों का साथ मिला और इस बार के चुनाव में बीजेपी ने जाति, वर्ग, मजहब और पंत सबसे ऊपर उठकर फतह हासिल की है| मोदी की तारीफ करते हुए बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि, नरेन्द्र मोदी ने अथक परिश्रम किया है और जितने कम वक्त में उन्होंने सैंकड़ों रैलियों को संबोधित किया है इतना किसी राजनेता ने कभी नहीं किया होगा| राजनाथ ने कहा कि, चुनाव परिणाम के परिणाम स्वरूप भारत में एक नए युग की शुरूआत हो रही है| उन्होंने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की बात का जिक्र करते हुए कहा कि, अटल जी ने कहा था कि, अंधेरा छटेगा, सूर्य निकलेगा और कमल खिलेगा ऐसा लगता है कि, उनकी पंक्तियां अब चरितार्थ हो गई है और अब सारे हिन्दुस्तान में कमल खिल चुका है| राजनाथ ने कहा कि, हम लोगों का जो एजेंडा था विकास और गुड गवर्नेंस का था और मोदी की डायनमिक लीडरशिप के आधार पर हमको ये सफलता हासिल हुई है| राजनाथ ने कहा कि, भारत की सफलता का इतिहास पुन: लिखने का वक्त आ गया है, भारत की सफलता की कहानी अभी समाप्त नहीं हुई है|
राजनाथ ने बीजेपी की इस जीत के लिए देश के सभी नागरिकों के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं और एनडीए के घटक दलों को ढेर सारी बधाई दी है| उन्होंने कहा कि, बहुत सारे सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों ने बीजेपी का परिवर्तन के उद्देश्य से समर्थन दिया है| उन्होंने कहा कि, पहले कहा जाता था कि, बीजेपी केवल शहरों की पार्टी है लेकिन, ऐसा नहीं है, बीजेपी ना केवल शहरों बलकि गांवों, किसानों, झुग्गी-झोपड़ी में रहने वालों के साथ सभी की पार्टी बन चुकी है| राजनाथ ने देश के युवाओं का भी आभार जताया| उन्होंने कहा कि, इस देश के युवक-युवतियों में परिवर्तन की जो ललक थी मैं उसकी प्रशंसा करता हूं और उनका अभिनंदन करता हूं| इसके साथ ही बीजेपी कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना करते हुए मोदी ने कहा कि, बीजेपी को ऐतिहासिक जीत हासिल हुई है ऐसे में उनका सभी कार्यकर्ताओं से कहना है कि, इस ऐतिहासिक में किसी भी तरह के उत्तेजक नारे ना लगाएं, उत्तेजक शब्दों का इस्तेमाल नहीं करें और किसी भी वर्ग के प्रति कोई ऐसी बात ना कहें या करें जिससे किसी को ठेस पहुंचे| उन्होंने कहा कि, बीजेपी का एक ही उद्देश्य है समाज के सभी वर्गों को लेकर आगे चलना| मोदी के नेतृत्व में नए भारत का जो उद्देश्य रहा है उसकी पूर्ती होगी| इसके साथ ही राजनाथ सिंह ने जानकारी दी कि, शनिवार को दोपहर 12:30 बजे संसदीय बोर्ड की बैठक होगी|
राजनाथ ने इस बार की पोलिंग पर खुशी जताते हुए कहा कि, देश की जनता ने इस बार सबसे ज्यादा पोलिंग की है जो काबिले तारीफ है| तमिलनाडु में भी बीजेपी को मिली जीत पर राजनाथ ने खुशी जताई है| इसके साथ ही राजनाथ ने बीजेपी में लालकृष्ण आडवाणी जी हमारे वरिष्ठ नेता ही नहीं, मार्गदर्शक और हमारे मुखिया हैं| राजनाथ ने कहा कि, बीजेपी अपनी विश्वस्नीयता पर प्रश्नचिन्ह नहीं लगने देंगी| इसके साथ ही जिम्मेदारी बांटने के सवाल पर उन्होंने कहा कि, सभी की उचित भागीदारी होगी| इसके साथ ही राजनाथ ने बीजेपी के खिलाफ दुष्प्रचार को लेकर भी राजनीतिक दलों पर निशाना साधा| उन्होंने कहा कि, कई राजनीतिक दलों के द्वारा समाज के एक वर्ग में बीजेपी के खिलाफ दहशत पैदा की गई लेकिन, हम दहशत से नहीं प्यार से लोगों का समर्थन हासिल करना चाहते हैं| साथ ही राजनाथ ने पार्टी में किसी की भी नाराज़गी से जुड़ी खबरों का खंडन किया है| राजनाथ सिंह के साथ इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में यूपी बीजेपी के प्रभारी और नरेन्द्र मोदी के करीबी अमित शाह और पार्टी के वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू भी मौजूद रहे|