बधाई...47 साल की हुईं बॉलीवुड की धक-धक गर्ल माधुरी
15 May 2014
मुंबई: अपनी दिलकश अदाओं से लाखों लोगों के दिलों की धड़कन पर राज करने वालीं धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित ने गुरुवार को अपना 47वां जन्मदिन मनाया| माधुरी का जन्म 15 मई 1967 को मुंबई के मध्यमवर्गीय ब्राह्मण परिवार में हुआ था| एक बेहतरीन अदाकारा के साथ-साथ माधुरी अद्भुत डांसर भी हैं| उनके अभिनय की चर्चा तो, उनके चाहने वालों में आम है लेकिन, उनके डांस का बॉलीवुड में कोई सानी नहीं है| यही वजह है कि, माधुरी को डांसर क्वीन भी कहा जाता है| आज भी उनके प्रशंसक उनकी एक झलक पाने के लिए बेताब रहते हैं|
माधुरी ने अपनी दिलकश अदाओं से करीब तीन दशक से दर्शकों के दिलों में अपनी खास पहचान बनाई है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मुंबई में रहकर ही हासिल की। इसके बाद उन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी में 'माइक्राबॉयलोजिस्ट' बनने के लिए दाखिला ले लिया। इस बीच उन्होंने लगभग आठ साल तक कथक नृत्य की शिक्षा भी हासिल की। बॉलीवुड में माधुरी ने अपने करियर की शुरुआत 1984 में राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म 'अबोध' से की थी| हालांकि, ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कामयाब नहीं रही थी| 1984 से 1988 तक माधुरी ने फिल्म इंडस्ट्री मे अपनी जगह बनाने के लिए लगातार संघर्ष किया। माधुरी को 1988 में आई फिल्म तेजाब से खास पहचान मिली| फिल्म में अनिल कपूर माधुरी के हीरो थे|
इस फिल्म में माधुरी पर फिल्माया गया गीत 'एक दो तीन' काफी फेमस हुआ| 1990 में माधुरी के सिने करियर की एक और महत्वपूर्ण फिल्म 'दिल' प्रदर्शित हुई। फिल्म में उनके साथ आमिर खान की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई साथ ही फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए माधुरी को अपने सिने करियर का पहला फिल्म फेयर पुरस्कार प्राप्त हुआ। 1991 में माधुरी की '100 डेज', 'साजन', 'प्रहार' जैसी फिल्में प्रदर्शित हुईं। इन फिल्मों की सफलता के बाद माधुरी शोहरत की बुंलदियों पर जा पहुंची।
वर्ष 1992 में माधुरी की एक और फिल्म 'बेटा' प्रदर्शित हुई। वर्ष 1994 में राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म 'हम आपके है कौन', माधुरी की सर्वाधिक सुपरहिट फिल्म में शुमार की जाती है। पारिवारिक पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में उनकी जोड़ी सलमान खान के साथ काफी पसंद की गई।