बतौर प्रधानमंत्री मोदी पहली पसंद, आप बनेगी बड़ी पार्टी: सर्वे
09 Jan 2014
नई दिल्ली: दिल्ली के लोगों के दिल में राज करने के बाद अब देश के लोगों पर भी 'आप' का असर पड़ रहा है| पहली बार चुनावी मैदान में उतरते ही दिल्ली की सत्ता पर काबिज हई आम आदमी पार्टी से लोगों को अगले लोकसभा चुनाव में भी काफी उम्मीदें हैं| देश के टॉप 8 शहरों की जनता चाहती है कि, आम आदमी पार्टी 2014 के लोकसभा चुनावों में भी बड़ा उलटफेर करे| हालांकि, इनमें से ज़्यादातर लोग प्रधानमंत्री पद के लिए नरेंद्र मोदी को अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी से बेहतर विकल्प मानते हैं|
एक अंग्रेजी अखबार के द्वारा दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और अहमदाबाद में कराए गए सर्वे में जनता की इस राय का पता चला है| इस सर्वे में कुल दो हज़ार पंद्रह लोगों की राय ली गई है जो 18 से 45 साल की उम्र के हैं| रिसर्च एजेंसी आईपीएसओएस से कराए गए सर्वे के मुताबिक, देश के 8 महानगरों के 44 फीसदी मतदाता आम आदमी पार्टी को वोट करने के पक्ष में हैं। जबकि 27 फीसदी लोगों ने कहा कि, वो भी ‘आप’ को वोट दे सकते हैं लेकिन, उनका फैसला उम्मीदवार पर भी निर्भर करेगा|
सर्वे में हिस्सा लेने वालों में से एक तिहाई जनता का मानना है कि 'आप' लोकसभा चुनावों में 26 से 50 सीटें जीतेगी| जबकि 26 फीसदी लोगों का मानना है कि, केजरीवाल की पार्टी 51 से 100 सीटें अपने नाम करेगी वहीं, 11 फीसदी लोगों को उम्मीद है कि, आम आदमी पार्टी आम चुनावों में 100 से ज्यादा सीटें जीतेगी|
8 शहरों में कराए गए सर्वे के मुताबिक लोकसभा चुनावों में आप बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी लेकिन, जहां तक रही देश के अगले पीएम की बात तो इस मामले में मोदी सबसे आगे हैं| सर्वे में शामिल लोगों में से 58 फीसदी ने पीएम पद के लिए नरेंद्र मोदी को चुना है| 25 फीसदी ने केजरीवाल और सिर्फ 14 फीसदी ने राहुल गांधी को चुना|