महिला अधिकारों की बात करने वाले उनकी जासूसी करते हैं: प्रियंका
23 Apr 2014
लखनऊ/रायबरेली: कांग्रेस की स्टार प्रचारक व कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गाँधी की बहन प्रियंका गाँधी ने आज भाजपा के पीएम प्रत्याशी नरेन्द्र मोदी के करीबी अमित शाह पर ‘जासूसी प्रकरण’ को लेकर जमकर हमला किया।
प्रियंका ने कहा कि, आज महिला अधिकारों की बात करने वाले कमरों में बैठकर महिलाओं की बातें सुनते हैं, जो भी ऐसा करता है उसे पार्टी से बाहर निकाला जाना चाहिये। यह बातें प्रियंका ने अपनी मां और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली के ऊंचाहार में एक चुनाव सभा को संबोधित करते हुए कहीं।
गुजरात में एक महिला की जासूसी कराने के आरोप में फंसे भाजपा नेता अमित शाह पर कटाक्ष करते हुए प्रियंका ने कहा कि, हम महिला अधिकारों की बात करते हैं जबकि दूसरे लोग कमरों में बैठकर महिलाओं की बातें सुनते हैं। अगर वो नहीं सुनते हैं तो जो भी सुनता है, उसे पार्टी से बाहर निकालें। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग महिला अधिकारों की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं लेकिन उनके चेहरे से नकाब हट चुका है।
प्रियंका ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के बारे में पूछा और कहा तुम्हें पता है कि तुम्हारे इस कार्यक्रम को अमेठी से राहुल जी ने शुरू किया था। वर्ष 2004 में जब वह सांसद बने तो उन्होंने सोचा कि इसका विस्तार किया जाए। तो इसे अमेठी के साथ रायबरेली में भी फैलाया गया। तब से आप लोगों ने देखा कि कितना विकास हुआ है।
उन्होंने कहा आपने अपने अधिकारों को पहचाना। मैं गांवों में गयी तो देखा कि वहां के लोग भी अब महिलाओं को नयी निगाह से देखते हैं। ऐसे कई कार्यक्रम हैं जो कांग्रेस ने चलाये। हमारी विचारधारा है कि सत्ता जनता के हाथ में होनी चाहिये। आपने पिछले 10 वर्षों में देखा कि विकास के लिये कितने काम किये गये हैं।
गौरतलब है कि, बीते वर्ष नवंबर में भाजपा महासचिव व उत्तर प्रदेश के प्रभारी अमित शाह गुजरात में एक महिला की अवैध रूप से जासूसी कराने के मामले में फंसे थे। इस मामले की छींटें गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी पड़ी थीं। प्रियंका अपनी मां के संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर हैं। वह आज दौरे के तीसरे दिन कई स्थानों पर सभाएं कीं जिनमें उनका मुख्य ध्यान महिला अधिकारों और भ्रष्टाचार पर रहा। उन्होंने महिला अधिकारों की बात लगभग हर जगह की।